हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बिलासपुर में प्रस्तावित एम्स की भूमि पूजा को लेकर भाजपा के समय पर सवाल उठाते हुए कहा है कि आम चुनाव से ठीक पहले भाजपा का यह चुनावी हथकंडा साबित होगा। चार साल पूर्व बड़े जोर शोर से प्रधानमंत्री के हाथों करवा गया शिलान्यास का अब भूमि पूजन कोई मायने नही रखता। यह भाजपा का केवल स्टंट मात्र है जो प्रदेश मे चुनाव को आते देख कर अब किया जा रहा है।
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश मे भाजपा के प्रधानमंत्री ने जो चुनावी वायदे लोगो से किये थे वह आज दिन तक पूरे नही हुए। बगैर सोचे समझे नोट बंदी से देश की अर्थव्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। दो करोड़ युवाओ को रोजग़ार देने का जो वायदा बीजेपी ने किया था वह भी पूरा नही हुआ।
बीजेपी के इस शासनकाल में बेरोजगारी का आंकड़ा बड़ा है। किसान आत्महत्या कर रहे है। किसानों को 2022 में आत्मनिर्भर होने के सपने दिखाये जा रहे है। किसानों को उन के उत्पादन का सही दाम नही मिल रहा। जीएसटी की मार ने छोटे कारोबार को बंद करवा दिया, अब चुनाव के समय रोल बैक कर इस मे छूट दे कर उन से छलावा किया जा रहा है।
कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा है कि देश का नागरिक आज बहुत परेशान है। आम लोगो का जीना मुश्किल हो गया है। मुश्किल की इस घड़ी में कांग्रेस देश के लोगों के साथ खड़ी है। लोकसभा चुनावों में भाजपा को बड़ी हार का मुंह देखना पड़ेगा। कुलदीप राठौर ने प्रदेश सरकार पर भी तंज कसते हुए कहा है कि यहां भी सब हवा-हवाई बाते हो रही है। एक साल के इस कार्यकाल में जमीन पर अभी तक कुछ नहीं हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि वर्तमान में भाजपा के चार सांसद है पर ये भी प्रदेश हित मे कोई भी योजना या कोई केंद्रीय राहत लाने में पूरी तरह असफल रहे है। प्रदेश के लोगों का इन से मोह भंग हो चुका है। इस बार इन चोरों सीटों पर कांग्रेस को जीत हासिल होंगी और देश मे कांग्रेस नेतृत्व की सरकार बनेंगी।